फिरोजाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मटसेना क्षेत्र में गुरुवार प्रांत तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई। दो अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। चालक को झपकी आने के कारण दुर्घटना होने की बात सामने आई है।
पंजाब में गांव सिनीवाल थाना महलकला, जिला बरनाला निवासी 42 वर्षीय हरपाल सिंह ट्रैवल्स की कार से सड़क बनाने की मशीन का कोई पार्ट खराब होने पर उसे ठीक कराने फतेहपुर जा रहे थे। कार में चालक 40 वर्षीय हरदीप शर्मा निवासी निवासी रायसर थाना महलकला, 43 वर्षीय लखविंदर निवासी गुरमा थाना ठुल्लीवाला, बरनाला और 30 वर्षीय अनुज कुमार निवासी शिवाला कालोनी, शिवाला रोड अमृतसर भी थे।
सुबह पांच बजे एक्सप्रेसवे पर मटसेना में माइल स्टोन 41.40 पर उनकी कार अनियंत्रितत होकर डिवाइडर से टकरा गई। सूचना पर यूपीडा के कर्मचारी और मटसेना पुलिस पहुंची। तब तक हरपाल की मृत्यु हो चुकी थी। जबकि कार सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल थे। उन्हें एंबुलेंस से सरकारी ट्रामा सेंटर भेजा गया। वहां से तीनों को एसएन मेडिकल कालेज आगरा रेफर कर दिया गया। जिसमें चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
