फिरोजाबाद। सामौर बाबा धाम में चल रहे महोत्सव में विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने भगवान शिव को समर्पित प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सिरसागंज के गांव करहरा स्थित सामौर बाबा धाम में चल रहे महोत्सव में वाराणसी से आई दिव्या श्रीवास्तव की टीम ने शिव नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। कलाकारों ने भगवान शिव के जीवन प्रसंगों और उनकी दिव्य लीलाओं को नृत्य और अभिनय के जरिए मंच पर जीवंत कर दिया। आकर्षक वेशभूषा, प्रभावशाली मंच सज्जा और भावपूर्ण अभिनय ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया। प्रयागराज के रुद्राक्ष बैंड ने अपने भक्तिमय गीतों और शिव भजनों से पूरे परिसर को गूंजायमान कर दिया। 

