फिरोजाबाद: जमीनी विवाद में एक ही परिवार के दो पक्ष भिड़े

-चले लाठी-डंडे और पत्थर, पांच लोग घायल

फिरोजाबाद: जमीनी विवाद में एक ही परिवार के दो पक्ष भिड़े

फिरोजाबाद। जमीनी विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, ईंट और पत्थर चलने लगे, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। मारपीट और पथराव का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

थाना शिकोहाबाद के गांव नगला केवल में सुबह के समय जमीन को लेकर परिवार के चाचा-ताऊ के बेटों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला शुरू हो गया। मारपीट में एक पक्ष से भाई-बहन सर्वेश देवी और केशव घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से रामवेटी, रिया और कीर्ति को चोटें आई हैं। घटना के बाद घायल पक्षों ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां तीन घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गांव में हुई इस मारपीट की घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकते और लाठी-डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।