फिरोजाबाद। संपत्ति विवाद को लेकर हैरान करने वाली घटना सामने आई। पत्नी ने पति को जबरन मच्छर भगाने वाला लोशन पिला दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
थाना उत्तर क्षेत्र के कोटला रोड स्थित लोधीपुरम निवासी रामविलाश ने आरोप लगाया कि संपत्ति और पारिवारिक विवाद को लेकर उसकी पत्नी ने उसे जबरन मच्छर लोशन पिला दिया। लोशन पीने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। जानकारी होने पर आसपास के लोगों और परिजनों ने उसे तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी हालत को गंभीर बताते हुए उपचार शुरू कर दिया है। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच काफी समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

