फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मटसेना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत गैंगलीडर दौजीराम की करीब 4 लाख 10 हजार रुपये की चल संपत्ति कुर्क कर ली। पुलिस ने उसकी रेनोल्ट ट्राइबर कार (यूपी 83 बीबी 4707) को जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी दौजीराम पुत्र शिवचरन निवासी दतौजीखुर्द, थाना लाइनपार पर जुआ और सट्टे से जुड़े कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। बताया गया कि उसने आपराधिक गतिविधियों से अवैध रूप से धन अर्जित कर यह संपत्ति बनाई थी।
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना मटसेना पुलिस टीम द्वारा की गई। यह कार्रवाई गिरोहबंद एवं असामाजिक क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 की धारा 14(1) के तहत की गई है। पुलिस के बताया कि थाना लाइनपार में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे से जुड़े इस मामले में आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध से अर्जित संपत्ति पर लगातार कुर्की की कार्रवाई जारी रहेगी।

