फिरोजाबाद। शहर के स्टेशन रोड स्थित एक चूड़ी फैक्ट्री में काम करते समय एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और फैक्ट्री मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। घायल मजदूर को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
दलवीर सिंह (35) पुत्र संतलाल निवासी संत नगर थाना लाइनपार रोज की तरह रात में काम करने के लिए स्टेशन रोड स्थित कादरी कारखाना (चूड़ी फैक्ट्री) में गया था। बताया जा रहा है कि देर रात काम के दौरान अचानक उसे चक्कर आ गया और वह गिर पड़ा। गिरने के दौरान वह गर्म भट्ठी की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। फैक्ट्री में मौजूद मजदूरों ने तुरंत घटना की सूचना उसके परिजनों को दी।
परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने फैक्ट्री मालिक से घायल मजदूर के इलाज की व्यवस्था करने को कहा तो उन्हें फैक्ट्री से बाहर निकाल दिया गया। इस बात को लेकर परिजनों में रोष फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल दलवीर सिंह को तुरंत उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

