फिरोजाबाद: टूंडला पुलिस ने मुठभेड़ में बाइक लूट गिरोह के दो बदमाश किए गिरफ्तार

-पैर में गोली लगने से घायल, जिला अस्पताल में भर्ती 

फिरोजाबाद: टूंडला पुलिस ने मुठभेड़ में बाइक लूट गिरोह के दो बदमाश किए गिरफ्तार

फिरोजाबाद। टूंडला पुलिस ने मंगलवार रात मुठभेड़ के बाद बाइक लूट गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके पास से तीन लूटी हुई मोटरसाइकिलें, दो मोबाइल फोन और अवैध तमंचे बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी टूंडला के नेतृत्व में पुलिस को सूचना मिली थी कि लूट की घटनाओं में शामिल बदमाश पुराना बाईपास रोड स्थित गेल गैस के पास एक खाली प्लॉट में लूटी हुई मोटरसाइकिलों का सौदा करने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों संदिग्धों ने फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमवीर पुत्र पप्पू और अमन पुत्र सतीश चंद्र के रूप में हुई है, जो ग्राम नगऊ, थाना टूंडला के निवासी हैं। उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, चार खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, तीन लूटी हुई मोटरसाइकिलें और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

फिरोजाबाद: टूंडला पुलिस ने मुठभेड़ में बाइक लूट गिरोह के दो बदमाश किए गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों ने 28 फरवरी 2026 को नया रसूलपुर निवासी अमित की मोटरसाइकिल लूटने की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना टूंडला में मुकदमा दर्ज है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों सौरभ, विक्रम और अर्जुन उर्फ पूर्वी के भी इस गिरोह में शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस इन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।