फिरोजाबाद। जलेसर रोड स्थित एक स्कूल के बाहर 12 वर्षीय छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र की मां ने थाना उत्तर में शिकायत दर्ज कराई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक बच्चे के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
थाना उत्तर के लोहिया नगर गली नंबर-5 निवासी रेखा यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र डेविड यादव (12) जलेसर रोड स्थित स्प्रिंग डेल स्कूल में कक्षा 7 का छात्र है। उनका आरोप है कि स्कूल में कक्षा 6 में पढ़ने वाले एक अन्य छात्र से डेविड का विवाद हो गया था। विवाद के बाद दूसरे छात्र ने स्कूल के पास एक पेट्रोल पंप पर कुछ अज्ञात युवकों को बुलाया। ये युवक बुलेट मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इन युवकों ने डेविड यादव के हाथ-पैर पकड़कर उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसके पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
घटना के बाद परिजन डेविड को घर ले गए और बाद में थाना उत्तर पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पीड़ित की मां ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

