फिरोजाबाद: कॉकरोच एकजुट हो गए तो 2027 में फिर 300 पार करेगी भाजपा-लक्ष्मी नारायण चौधरी

-गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री ने विपक्ष पर जमकर बोला हमला

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने रविवार को जनपद दौरे के दौरान विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, समाजवादी पार्टी और विपक्षी दलों के गठबंधन को लेकर भाजपा का पक्ष मजबूती से रखा।

ओवैसी के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जनपद के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी धर्म के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को देश का राष्ट्रपति बनाया था। भाजपा को किसी मुस्लिम से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन जो लोग राष्ट्रविरोधी और अलगाववादी बातें करते हैं, उन्हें भाजपा कभी स्वीकार नहीं करती। ओवैसी द्वारा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 80 और 20 वाले बयान का जिक्र किए जाने पर कहा कि योगी पहले ही कह चुके हैं कि बटोगे तो कटोगे, इसमें कोई नई बात नहीं है।

समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन के जौहर विश्वविद्यालय संबंधी बयान पर उन्होंने कहा कि यह उनके व्यक्तिगत विचार हैं और इस पर उन्हें कुछ नहीं कहना है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अखिलेश यादव की टिप्पणी पर मंत्री ने कहा कि किसी भी प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री को अपने मंत्रिमंडल के संबंध में निर्णय लेने का अधिकार होता है। जनता ही तय करेगी कि किसका मनोबल कितना है। जंतर-मंतर पर विपक्षी दलों के एकजुट होने और 2027 के चुनाव पर संभावित असर के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ये सब कॉकरोच ही हैं, कॉकरोच ही इकट्ठा हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने देश और दुनिया के सामने अपना काम साबित किया है और 2027 में भी पार्टी 300 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।

 

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *