-महात्मा गांधी बालिका पीजी कॉलेज में कौशल एवं करियर विकास पर एक दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न
फिरोजाबाद। महात्मा गांधी बालिका विद्यालय पी.जी. कॉलेज प्लेसमेंट सेल द्वारा छात्राओं के कौशल विकास एवं करियर उन्नयन के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन फ्रैंकफिन के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को वर्तमान रोजगार परिदृश्य से परिचित कराते हुए उनमें आवश्यक व्यावसायिक कौशल, व्यक्तित्व विकास, संचार क्षमता तथा रोजगार के लिए आवश्यक व्यवहारिक दक्षताओं का विकास करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्या ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बदलते रोजगार परिवेश के अनुरूप संचार कौशल, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व एवं व्यावसायिक दक्षताओं का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को कार्यशाला में प्राप्त जानकारी को अपने भविष्य के करियर निर्माण में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
फ्रैंकफिन की रिसोर्स पर्सन साक्षी शर्मा ने छात्राओं को करियर विकास से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को साक्षात्कार के दौरान आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने, उचित बॉडी लैंग्वेज अपनाने, समय प्रबंधन तथा व्यावसायिक व्यवहार से संबंधित उपयोगी सुझाव भी दिए। जितेन्द्र प्रकाश ने प्रोजेक्टर के माध्यम से एक शॉर्ट फिल्म प्रदर्शित की। फिल्म के माध्यम से छात्राओं को व्यावसायिक जीवन, व्यक्तित्व, व्यवहार एवं करियर निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं को सहज और रोचक ढंग से समझाया गया।
संयोजिका एवं मंच संचालक डॉ. सोनाली भट्टाचार्जी ने छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और संचार-कौशल को सुदृढ़ करते हुए उन्हें अपने जीवन एवं करियर में अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम संयोजिका पूजा जादौन ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. संध्या द्विवेदी ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ छात्राओं को अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन एवं रोजगार की आवश्यकताओं को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में डॉ. दीपा कनौजिया, डॉ. प्रीति सिंह पटेल, छाया यादव आदि मौजूद रही।








