फिरोजाबाद। पुलिस ने साइबर तकनीक और पोर्टल की मदद से गुम हुए 151 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये आंकी गई है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशीसे खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक राजेश घुनावत के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध चंचल त्यागी के नेतृत्व में सर्विलांस सेल और संबंधित थाना पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर प्रभावी कार्रवाई की। तकनीकी विश्लेषण और समन्वित प्रयासों के जरिए विभिन्न कंपनियों के 151 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सुपुर्द किए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से अब तक 1,747 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं।
यह अभियान आमजन की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने के साथ-साथ साइबर तकनीक के प्रभावी उपयोग का भी उदाहरण बन रहा है। पुलिस ने नागरिकों से कहा कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में बिना देरी किए सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे मोबाइल को तत्काल ब्लॉक किया जा सकता है और उसकी ट्रैकिंग व बरामदगी की प्रक्रिया तेजी से शुरू हो जाती है।








