फिरोजाबाद। फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण रेलगाड़ियों के ठहराव एवं रेल सेवाओं के विस्तार की मांग को लेकर गुरुवार को दो ज्ञापन सौंपे गए। पहला ज्ञापन रेल मंत्री, भारत सरकार को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से उप जिलाधिकारी मुख्यालय धर्मवीर भारती को सौंपा गया। दूसरा ज्ञापन महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज एवं मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज को संबोधित करते हुए स्टेशन अधीक्षक की अनुपस्थिति में उप स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार को दिया गया।
ज्ञापन में कहा कि दिल्ली-कोलकाता रेल मार्ग पर स्थित फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन औद्योगिक एवं व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। कांच की चूड़ियों एवं कांच उत्पादों के लिए प्रसिद्ध फिरोजाबाद में देश के विभिन्न राज्यों से व्यापारी, श्रमिक, यात्री एवं तीर्थयात्री आते हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन का पुनर्विकास होने के बावजूद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव यहां नहीं है। इसके कारण यात्रियों को टूंडला, आगरा कैंट अथवा मथुरा जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि टूंडला-दिल्ली पैसेंजर का संचालन शिकोहाबाद से शुरू करने, शिकोहाबाद-फफूंद पैसेंजर का संचालन टूंडला से प्रारंभ करने, 12581-12582 बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट, 20433-20434 जम्मूतवी-सूबेदारगंज सहित विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों का फिरोजाबाद स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की गई। ज्ञापन में महाबोधि, पूर्वा, वैशाली, लिछवी, विक्रमशिला, गरबा सुपरफास्ट, ओखा-बनारस सुपरफास्ट, रीवा एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के ठहराव की मांग भी शामिल है। मांगकर्ताओं ने कहा कि फिरोजाबाद में ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि हो सकती है। ज्ञापन देने वालों में रामदास मानव, राजेश कुमार शंखवार, नंदलाल उर्फ नंदू शंखवार, बलराम कोहली एवं डॉ. बलवीर सिंह कुशवाह आदि मौजूद रहे।









