फिरोजाबाद: बारिश में भरभराकर गिरी मकान की छत और दीवारें, एक घायल

-मलबे में दबे परिवार के पांच सदस्यों को ग्रामीणों ने सकुशल निकाला

फिरोजाबाद। लगातार हो रही तेज बारिश के चलते गुरुवार सुबह शिकोहाबाद में एक मकान के दो कमरों की कच्ची दीवार और छत भरभराकर गिर गई। हादसे में मकान मालिक 60 वर्षीय सुन्नेश सिंह घायल हो गए, जबकि मलबे में फंसे परिवार के अन्य सदस्यों को ग्रामीणों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना गुरुवार सुबह करीब आठ बजे थाना क्षेत्र के गांव डांडियामई की है। यहां निवासी सुन्नेश सिंह के मकान के दो कमरों की कच्ची दीवार और छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। छत और दीवार गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए सुन्नेश सिंह की पत्नी संतोष देवी, बेटे राहुल सिंह, पुत्रवधू चंचल तथा दो वर्षीय नातिन रिद्धि को मलबे से सकुशल बाहर निकाल लिया। हालांकि सुन्नेश सिंह इस हादसे में घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद परिवार दहशत में है।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 343

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *