फिरोजाबाद: मैक्स पिकअप में ट्रक ने मारी टक्कर, दो की मौत, 13 घायल

-इटावा से गोगामेड़ी दर्शन करने जा रहे थे 22 लोग, फास्टैग रिचार्ज कराने के लिए रुके थे

फिरोजाबाद। इटावा से राजस्थान के गोगामेड़ी दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी मैक्स पिकअप को गुराऊ टोल से पहले थाना सिरसागंज क्षेत्र में पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मैक्स सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से पीजीआई सैफई भिजवाया। मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार बुधवार को करीब साढ़े 10 बजे मैक्स पिकअप संख्या यूपी 79 टी 4861 में सवार 22 लोग इटावा से गोगामेड़ी, राजस्थान दर्शन के लिए जा रहे थे। गुराऊ टोल से पहले फास्टैग रिचार्ज कराने के लिए पिकअप सड़क किनारे रुकी थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे बंद बॉडी ट्रक संख्या एचआर 37 एफ 0132 ने मैक्स में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में अनीता पत्नी बलराम, महिपाल पुत्र श्याम सिंह, अवनीश पुत्र लखन, गिरिजा पत्नी पप्पू, सीमा पत्नी पप्पू, सर्वेश पत्नी थान सिंह, मनीषा पत्नी बालवीर, शशि पत्नी रवि, लवली पत्नी महिपाल, शिवांशु पुत्र बलवीर, पप्पू पुत्र शुगर सिंह, थान सिंह पुत्र नाथूराम और बालवीर पुत्र शुगर सिंह शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए पीजीआई सैफई भेजा गया है। हादसे की सूचना घायलों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के समय उनके साथ यात्रा कर रहे रामवीर पुत्र बेंची लाल निवासी नगला खैनी, थाना चौबिया सुरक्षित हैं।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 343

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *