फिरोजाबाद: भाकियू नेता एवं सामाजिक संगठनों ने गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग

-कलेक्ट्रेट में पढ़ी गई हनुमान चालीसा, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

फिरोजाबाद। गोवंश को राष्ट्रमाता एवं राष्ट्र आराध्या का संवैधानिक दर्जा दिलाने की मांग सोमवार को एक बार फिर जोर-शोर से उठी। गो सम्मान आह्वान अभियान के बैनर तले बड़ी संख्या में गोभक्त, संत समाज एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति के नाम संबोधित स्मरण पत्र जिला प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन सौंपने से पूर्व डीएम कार्यालय परिसर में श्रद्धापूर्वक हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया।

अभियान के पदाधिकारियों ने बताया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 48 एवं 51 ए (जी) की भावना के अनुरूप अखिल भारतीय वेदलक्षणा गोवंश को राष्ट्रमाता एवं राष्ट्र आराध्या का संवैधानिक दर्जा दिए जाने, केंद्रीय गोसेवा मंत्रालय की स्थापना तथा गोवंश संरक्षण के लिए एकीकृत केंद्रीय कानून बनाए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। उन्होंने बताया कि 27 अप्रैल 2026 को देश की 5100 तहसीलों से सवा पांच करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों के साथ राष्ट्रपति को एक प्रार्थना पत्र भेजा गया था। अब तक मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के चलते सोमवार को उसी मांग के समर्थन में स्मरण पत्र पुनः सौंपा गया।

प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि देशभर से जुटाए गए हस्ताक्षर और अन्य दस्तावेज आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन (भानू) के जिला संयोजक शीलू सिकरवार ने कहा कि संगठन की मांग है कि गाय को राष्ट्रमाता घोषित किया जाए, गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा गोहत्या करने वालों के लिए फांसी की सजा का प्रावधान किया जाए। वहीं, भाकियू (भानू) के जिलाध्यक्ष दीपक सोलंकी ने बताया कि संगठन द्वारा राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम भी ज्ञापन भेजकर इन मांगों को प्रमुखता से उठाया गया है। गोभक्तों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं और केंद्र सरकार से गोवंश संरक्षण के लिए प्रभावी एवं कठोर कानून बनाने की अपील की।

गो सम्मान आह्वान अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि गोवंश संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से भी जुड़ा हुआ है। ज्ञापन देेने वालों में डॉ सुंदर यादव, शीलू सिकरवार, अर्जुन चौधरी, ओमवीर सिंह एड, सौरभ यादव, हितगोपाल उपाध्याय, एड सीपी सिंह, आशु यादव, ऋषभ यादव, राहुल चतुर्वेदी, आदि मौजूद रहे है।ं

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 33

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *