फिरोजाबाद। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों के मठों, मंदिरों एवं आश्रमों में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर साधु-संतों एवं गुरुजनों का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
माँ राजेश्वरी कैला देवी मंदिर में महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर, महापौर कामिनी राठौर ने साधु-संतों एवं गुरुजनों का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। प्राचीन बड़े हनुमान मंदिर में सदर विधायक मनीष असीजा ने मंदिर महंत पं.जगजीवन राम इंदु गुरू जी के अलावा अन्य गुरूजनों को आर्शीवाद प्राप्त किया। ऑर्किड ग्रीन स्थित मंदिर में नानक चंद्र अग्रवाल ने मंदिर महंत का सम्मान किया। शनि देव मंदिर में राकेश शंखवार ने साधु-संतों एवं गुरुजनों का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया। सभी ने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं गुरु-शिष्य परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दोहराते हुए गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वाेच्च माना गया है। गुरु ही हमें ज्ञान, संस्कार, सत्य, सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। गुरु पूर्णिमा का पर्व अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। भारतीय जनता पार्टी सदैव भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध रही है। इस दौरान आनंद अग्रवाल, देवेश भारद्वाज, प्रमोद पाल बघेल, दीपक गुप्ता कालू, आकाश गुप्ता, अंकित तिवारी, राजेश झा, नमन बंसल, कैलाश ओझा, अनुपम शर्मा, प्रमोद राजोरिया, हरिओम वर्मा, मुकुल दिवाकर, मनीष राठौर, गौतम कुशवाहा, अमन मिश्रा, अशोक राठौर, हिमांशु शर्मा, अभिषेक मित्तल आदि भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








