फिरोजाबाद: व्यापारियों ने तपती धूप में नगर निगम में दिया धरना

-सैलई सांती रोड का निर्माण कराने व वार्ड 49 में विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

फिरोजाबाद। सैलई सांती रोड बाजार समिति के तत्वावधान में व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने सैलई सांती रोड के निर्माण की मांग तथा वार्ड नंबर 49 में विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने कार्यों के प्रस्तावक एवं एस्टीमेट तैयार करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा ने कहा कि व्यापार मंडल पिछले एक वर्ष से अधिक समय से नगर आयुक्त, अपर आयुक्त एवं महापौर को ज्ञापन देकर सैलई सांती रोड निर्माण की मांग कर रहा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने वार्ड-49 में वर्ष 2022-23 में 7.44 लाख रुपये से बनी हनुमान रोड के लिए वर्ष 2025 में 49 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाए जाने पर सवाल उठाए। व्यापार मंडल के विरोध के बाद संबंधित टेंडर निरस्त कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि केवल टेंडर निरस्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रस्ताव एवं एस्टीमेट तैयार करने वालों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। व्यापारियों ने हनुमान जलाशय से सर्कुलर रोड चौकी गेट तक करीब 25 लाख रुपये की पाइपलाइन के कार्य पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि नगर निगम के नगर अभियंता जल के लिखित पत्र के अनुसार पुरानी पाइपलाइन दुरुस्त है और उससे पानी की आपूर्ति हो रही है।  इसके बावजूद नई पाइपलाइन के कार्य में धन के दुरुपयोग की शिकायत की गई है। वहीं हनुमानगंज की गली नंबर चार में पैचवर्क की मांग के बावजूद सड़क तोड़े जाने पर भी व्यापारियों ने आपत्ति जताई और जांच की मांग की।

धरना स्थल पर अपर आयुक्त अजय कुमार, नगर अभियंता विजेंद्र कुमार, मुख्य अभियंता सहित निगम के अधिकारी पहुंचे। इस दौरान व्यापार मंडल ने अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। अपर आयुक्त ने व्यापारियों को एक माह में संबंधित कार्य पूरे कराने का आश्वासन दिया। धरने में नरेश पंजाबी, मेघ सिंह पहलवान, स्वतंत्र गुप्ता, रामगोपाल बजाज, मोहित राठौर, अनिल गुप्ता, विकास जैन सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 532

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *