फिरोजाबाद। वार्ड संख्या 41 गांधी नगर की पार्षद रेखा यादव के नेतृत्व में पार्षदों ने नगर निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सभी वार्डों में सफाई मित्रों की नियुक्ति किए जाने की मांग की है।
पार्षद ने बताया कि कई वार्डों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और सफाई मित्रों की आवश्यकता है। उन्होंने मांग की कि सभी वार्डों में पर्याप्त संख्या में सफाई मित्र नियुक्त किए जाएं, ताकि नियमित रूप से सफाई व्यवस्था संचालित हो सके। पार्षद ने यह भी कहा कि सफाई मित्रों की नियुक्ति से संबंधित मांग को लेकर 20 अगस्त को नगर निगम परिसर में धरना दिया जाएगा।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। ज्ञापन देने वालों में पार्षद पूनम शर्मा, विजय शर्मा, रानी देवी, मुकुल दिवारक आदि रहे।
निगम के सामान की चोरी का आरोप, पार्षद ने जांच व कार्रवाई की मांग की
फिरोजाबाद। वार्ड संख्या 41 गांधी नगर की पार्षद रेखा यादव ने नगर निगम अधिकारियों को पत्र देकर निर्माण कार्यों में अनियमितता और निगम की सामग्री चोरी किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद ने शिकायत में आरोप लगाया कि सरोजनी नायडू विद्यालय में लगी पुरानी इंटरलॉकिंग को निकालकर बेच दिया गया, जबकि उसे निगम में जमा किया जाना था। इसके अलावा प्रेमनगर में निर्माण कार्य के दौरान पुरानी ईंट, सीमेंट सहित अन्य सामग्री के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है।
कन्हैया नगर में वर्कशॉप निर्माण के बाद वहां की पुरानी सामग्री बेचने तथा लोहे की रेलिंग को भी हटाकर ले जाने की शिकायत की गई है। पार्षद ने नगर निगम से सभी मामलों की जांच कर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।








