फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत सोफीपुर में लगातार हो रही बारिश के चलते बुधवार को एक मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे जनहानि टल गई, लेकिन मकान में रखा सामान मलबे में दबने से लाखों रुपये के नुकसान बताया गया है। मकान मालिक राजन सिंह ने बताया कि लगातार बारिश के कारण उनका मकान पहले से जर्जर हो चुका था। बुधवार को अचानक पूरी दीवार और छत गिर गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि वह आर्थिक रूप से कमजोर हैं और स्वयं मकान की मरम्मत कराने में सक्षम नहीं हैं। परिवार में छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिससे उनके सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। पीड़ित ने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता और आवास की व्यवस्था कराने की मांग की है।








