-600 किलो खाद्य पदार्थ कराया नष्ट, आठ नमूने संकलित कर जांच को भेजे
फिरोजाबाद। आगामी पर्वों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और अधोमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। बुधवार देर रात खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने आगरा की ओर से फिरोजाबाद आने वाले पनीर और खोया लदे वाहनों की सघन चेकिंग की। इस दौरान पनीर और खोया के कुल आठ नमूने संग्रहित किए गए। वहीं करीब 600 किलोग्राम संदिग्ध खाद्य पदार्थ मौके पर नष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.45 लाख रुपये बताई गई है।
सहायक आयुक्त (खाद्य) चंदन पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने आगरा से आने वाले वाहनों की जांच की। पहली कार्रवाई में मुनेश कुमार निवासी बिजकौली, बाह, आगरा के वाहन से पनीर के पांच नमूने लिए गए। वाहन में करीब 250 किलोग्राम पनीर मिला, जिसे नियमानुसार नष्ट कराया गया। इसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई। दूसरी कार्रवाई में नीरज सिंह निवासी फरेरा, बाह, आगरा के वाहन से पनीर के दो और खोया का एक नमूना लिया गया। वाहन में मिले करीब 100 किलोग्राम खोया और 250 किलोग्राम पनीर को भी नष्ट कराया गया। नष्ट किए गए खोया की कीमत करीब 25 हजार और पनीर की कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई।
इसके अलावा खैरगढ़ निवासी आकाश कौशिक के प्रतिष्ठान से पनीर का एक नमूना भी संग्रहित किया गया। विभाग ने सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. तुलिका शर्मा के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल, संदीप, रमेश, विनोद, अरुण और अनिल शामिल रहे।







