फिरोजाबाद। बुखार से पीड़ित मरीजों को बेहतर एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध अस्पताल में विशेष फीवर ओपीडी की शुरुआत की गई है। इस व्यवस्था के तहत मरीजों को पर्चा बनवाने की आवश्यकता नहीं होगी और वे सीधे चिकित्सक को दिखा सकेंगे। प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार गोयल ने बताया कि फीवर ओपीडी की सुविधा प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी एरिया में उपलब्ध रहेगी। वहीं, ट्रॉमा सेंटर में यह सुविधा 24 घंटे संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि विशेष फीवर ओपीडी की व्यवस्था पिछले दो दिनों से लगातार संचालित है। इस पहल से बुखार के मरीजों को पर्चा बनवाने और सामान्य ओपीडी में लंबी प्रक्रिया से गुजरने की आवश्यकता नहीं होगी। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की सुविधा को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की है, ताकि बुखार से संबंधित मरीजों को समय से चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार मिल सके।








