-जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन सेतु का किया निरीक्षण
-गुणवत्ता जांच के लिए आईआईटी से टेस्टिंग कराने के दिए निर्देश
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी ने सुहाग नगर चौराहे से सुभाष चौक स्थित जैन मंदिर तक निर्माणाधीन दो लेन उपरिगामी सेतु का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए नवंबर के अंत तक सेतु को आम जनता के आवागमन के लिए चालू करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी अथवा आईआईटी से अनिवार्य रूप से टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए। ।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि 1291.69 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति 29 मार्च 2025 को प्राप्त हुई थी। परियोजना की मूल स्वीकृत लागत 7269.78 लाख रुपये है। अब तक निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति 98 प्रतिशत तथा वित्तीय प्रगति 92 प्रतिशत हो चुकी है। सेतु के फाउंडेशन, सब-स्ट्रक्चर, डेक और बॉक्स गर्डर का कार्य पूरा हो गया है, जबकि क्रैश बैरियर का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। साथ ही सर्विस रोड निर्माण के लिए 16 अक्टूबर को तकनीकी बिड खोली जा चुकी है।
वित्तीय बिड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि नवंबर के अंत तक फ्लाईओवर को जनता के लिए खोला जा सके। डीएम ने निर्माण स्थल पर कार्यरत सभी कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और पूरी सतर्कता के साथ कार्य कराने के निर्देश दिए। निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर, उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम आगरा के उप परियोजना प्रबंधक, सहायक अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





