-चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण, बीपी व शुगर की जांच कर बांटीं दवा
फिरोजाबाद। पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में सेहत साथी ग्रुप, की ओर से निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिए।
शिविर में दंत शल्य चिकित्सक डॉ. अरविन्द चौहान, वरिष्ठ जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. अर्पित अग्रवाल, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. शुभांगी अग्रवाल तथा अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों से संबंधित जांच कर मरीजों को उचित उपचार और सावधानियों की जानकारी दी।
शिविर में निःशुल्क ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर की जांच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, दंत रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं की जांच की गई। इसके साथ ही जनरल सर्जरी से संबंधित परामर्श दिया गया और जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। चिकित्सकों ने विभिन्न बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया।








