फिरोजाबाद। आरडीएम क्रिकेट अकादमी, उसायनी में आयोजित फिरोजाबाद बेसिक टीचर्स टी-10 चौंपियनशिप सीजन-2 का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। फाइनल में मदनपुर मास्टर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फिरोजाबाद फाइटर्स को पांच विकेट से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फिरोजाबाद फाइटर्स उपविजेता रही।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए फिरोजाबाद फाइटर्स ने निर्धारित 10 ओवर में पांच विकेट खोकर 70 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मदनपुर मास्टर्स ने पांच विकेट के नुकसान पर 76 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। मदनपुर मास्टर्स के अजित सिंह ने 14 गेंदों पर 22 रन बनाए और गेंदबाजी में दो ओवर में 15 रन देकर एक विकेट लिया। शानदार प्रदर्शन पर उन्हें फाइनल का मैन ऑफ द मैच चुना गया। समारोह में मुख्य अतिथि डायट प्राचार्य मुकेेश कुमार एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार तथा विशिष्ट अतिथि निशांत गोला उपस्थित रहे।
जिला सूचना अधिकारी नरेंद्र मोहन, जिला श्रम अधिकारी यशवंत यादव और बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी रविंद्र कुमार ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति की ओर से शिवम अग्रवाल, ऋषि तोमर, हरपाल सिंह आदि ने अतिथियों, नौ ब्लॉकों की टीमों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। रीमा यादव ने कहा कि प्रतियोगिता बेसिक शिक्षा परिवार की एकता और आपसी सौहार्द का उत्सव साबित हुई।








