-पीएम आवास योजना से पूरा हुआ पक्के घर का सपना, भाजपा के पूर्व विधायक ने फीता काटकर कराया गृहप्रवेश
फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा बन रही है। इसी योजना के तहत मक्खनपुर के जिजौली निवासी पीयूष राठौर का नौ साल बाद अपने पक्के मकान का सपना पूरा हुआ है। लंबे समय तक किराए के मकान में रहने के बाद अब उनका परिवार अपने घर में गृह प्रवेश कर खुशी महसूस कर रहा है।
नवनिर्मित आवास का शुभारंभ भाजपा के पूर्व विधायक ओमप्रकाश वर्मा ने फीता काटकर करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि देश का कोई भी गरीब परिवार बिना पक्की छत के न रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से ऐसे परिवारों को आर्थिक सहायता दी जा रही है, जो अपनी आमदनी से मकान बनाने में सक्षम नहीं हैं। यह योजना आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। लाभार्थी पीयूष राठौर ने बताया कि वह अपनी पत्नी आरती राठौर और पुत्र आयुष राठौर के साथ नौ वर्षों से किराए के मकान में रह रहे थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण खुद का घर बनाना उनके लिए सपना था।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सहायता मिलने से उनका सपना साकार हो सका। पीयूष राठौर ने आवास निर्माण में सहयोग के लिए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी, अध्यक्ष गीता देवी दिवाकर, रतन सिंह, रिंकू बघेल, सभासद जसवंत कुमार, अंजलि चौहान, पारुल गंगा मोहन सहित अन्य सहयोगियों का भी आभार व्यक्त किया।








