फिरोजाबाद। आईवी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित मनोहर सिंह बाबूजी की स्मृति में आईवी प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला आईवी इंडियंस एवं आईवी टाइटंस के मध्य खेला गया। रोमांचक मुकाबले में आईवी इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आईवी टाइटंस को 6 विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
आईवी टाइटंस के कप्तान अमन यादव ने ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 108 रनों का लक्ष्य रखा। जिसमें कप्तान अमन यादव ने 34 रन, पार्थ गुर्जर ने 25 रन एवं देवांश ने 10 रनों का योगदान दिया। आईवी इंडियंस की ओर से कप्तान राघव शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट प्राप्त किए। वहीं देव गुर्जर ने 2 तथा युवराज और समर्थ सिंह ने 1-1 विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईवी इंडियंस की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 12 ओवरों में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत के नायक देव गुर्जर रहे, जिन्होंने शानदार 57 रनों की पारी खेली। इस प्रकार आईवी इंडियंस ने 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार देव गुर्जर को प्रदान किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत ने विजेता टीम के कप्तान राघव शर्मा को ट्रॉफी प्रदान की। वहीं विशिष्ट अतिथि अश्वनी कुमार ने उपविजेता टीम के कप्तान अमन यादव को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्या डॉ. नंदिनी यादव ने सभी अतिथियों का शॉल पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। मैच में अंपायर की भूमिका आर्यन बघेल एवं अंशुल उपाध्याय ने निभाई, जबकि स्कोरर अभिनव शर्मा रहे। संपूर्ण टूर्नामेंट का सफल संचालन सचिन कुमार की देखरेख में संपन्न हुआ।








