-सीसीटीवी फुटेज, व्हाट्सएप चैट और सहेलियों के बयान से खुला मौत का राज
-कॉलेज संचालक और उसके बेटे को पुलिस ने दी क्लीनचिट
फिरोजाबाद। थाना मटसेना क्षेत्र स्थित फिरोजाबाद नर्सिंग कॉलेज की जीएनएम प्रथम वर्ष की छात्रा प्रीति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेमी अमन द्वारा मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने से आहत होकर छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने सिरसागंज निवासी अमन को गिरफ्तार कर लिया है। वह मृतका का दूर का रिश्तेदार भी बताया गया है। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
मैनपुरी के औंछा क्षेत्र की रहने वाली प्रीति का शव 28 अक्टूबर को रसीदपुर कनैटा रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर मिला था। छात्रा के भाई रोहित कठेरिया ने कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेंद्र दक्ष और उनके बेटे यश दक्ष पर हत्या, दुष्कर्म के प्रयास और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि सिरसागंज क्षेत्र का रहने वाला अमन लखनऊ के बीबीडी कॉलेज से पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा है। वह पिछले दो साल से प्रीति के संपर्क में था और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। 27 अक्टूबर की शाम अमन ने प्रीति का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद छात्रा ने कई बार उसे फोन करने का प्रयास किया। अमन से बात नहीं होने पर उसने उसकी बहन और दोस्त से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी।
इसी बात से आहत होकर छात्रा ने हॉस्टल की दीवार फांदकर रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर आत्महत्या कर ली। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद के मुताबिक, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, व्हाट्सएप चैट और हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में अमन से प्रेम प्रसंग और घटना से पहले मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने अमन को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा के परिजन ने कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेंद्र दक्ष और उनके बेटे यश दक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे।
पुलिस ने दोनों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और लोकेशन की जांच कराई। जांच में पिछले दो महीने से छात्रा के साथ उनकी कोई फोन पर बातचीत नहीं मिली। घटना की रात भी उनकी लोकेशन कॉलेज या घटनास्थल के आसपास नहीं मिली। पुलिस के अनुसार, जांच में दोनों की भूमिका सामने नहीं आई है। घटना के बाद हॉस्टल की छात्राओं ने मीडिया के सामने कॉलेज प्रशासन और स्टाफ के व्यवहार की सराहना की थी। छात्राओं का कहना था कि घटना से पहले रात तक प्रीति सामान्य थी और उसने किसी तरह की शिकायत नहीं की थी। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।








