-स्विफ्ट डिजायर के पलटने से न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौत, एक्सेंट कार चालक फरार
फिरोजाबाद। जिले के थाना मक्खनपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। आगे चल रही कार से टकराने के बाद एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार चला रहीं न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी (45) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही न्यायिक और प्रशासनिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार आगरा के ताजनगरी फेस वन निवासी सोनम चतुर्वेदी बुधवार सुबह करीब 10ः15 बजे अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से जा रही थीं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान आगे चल रही एक्सेंट कार और उनकी कार की रफ्तार काफी तेज थी। मक्खनपुर क्षेत्र में अचानक स्विफ्ट डिजायर अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही एक्सेंट कार में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट डिजायर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में सोनम चतुर्वेदी के सिर में गंभीर चोटें आईं। चोट इतनी घातक थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वह कंज्यूमर कोर्ट में न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत थीं।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना मक्खनपुर के थानाध्यक्ष चमन कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों दुर्घटनाग्रस्त कारों को कब्जे में ले लिया। वहीं, हादसे के बाद एक्सेंट कार का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ शिकोहाबाद जयबिंद गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दो कारों की टक्कर में स्विफ्ट डिजायर सवार महिला की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








