-मुनि सुदत्तसागर महाराज का आठवां मुनि दीक्षा दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ मना
फिरोजाबाद। वैज्ञानिक संत आचार्य निर्भय सागर महाराज के सान्निध्य में मुनि सुदत्तसागर महाराज का आठवां मुनि दीक्षा दिवस आध्यात्मिक उल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ हुआ। इस अवसर पर समस्त मुनि संघ ने आचार्य श्री का पादप्रक्षालन कर शास्त्र भेंट किए।
आचार्य निर्भय सागर महाराज ने वैराग्य, आत्मशुद्धि, गुरु-भक्ति, स्वाध्याय एवं साधु जीवन की मर्यादाओं पर विस्तार चर्चा करते हुए कहा कि सच्चा वैराग्य संसार से पलायन नहीं, बल्कि आत्मा की जागृति है। आत्मबोध एवं सम्यक दर्शन से उत्पन्न अचल और अटल वैराग्य ही आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। सच्ची दीक्षा तभी कल्याणकारी बनती है, जब उसका उद्देश्य मुक्ति प्राप्त करना हो, न कि सांसारिक सुविधाएं और भोग-विलास। आचार्य श्री ने कहा कि वैरागी को अपने दोषों का पश्चाताप करते हुए गुरु के समक्ष आलोचना एवं प्रायश्चित करना चाहिए। साधु जीवन में गुरु-भक्ति, विनयशीलता, निरंतर स्वाध्याय, सरलता और निर्दाेष चर्या का विशेष महत्व है।
गुरु की कठोरता शिष्य के दोषों के परिमार्जन का माध्यम होती है। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य श्रेष्ठी विनोद मलिनियम, महामंत्री एडवोकेट अजय जैन, चातुर्मास कमेटी अध्यक्ष निमिष सेन, शैलेंद्र जैन, पंकज एवं आई.सी., मुकेश जैन, जूली जैन तथा अनुज तुलसी विहार आदि ने मुनि सुदत्तसागर महाराज के गुणों का गुणगान करते हुए उनके त्याग, तपस्या एवं आध्यात्मिक साधना की अनुमोदना की। कार्यक्रम में उपस्थित धर्मप्रेमियों ने संयम, वैराग्य, आत्मचिंतन एवं आध्यात्मिक जीवन को अपनाने का संकल्प लिया।








