-गौशालाओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सर्दी से बचाव के लिए अभी से तैयारी करने पर दिया जोर
फिरोजाबाद। गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर जिले की गौशालाओं में गोवंश पूजन के साथ विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद शिकोहाबाद द्वारा संचालित गौशाला में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ पहुंचकर विधि-विधान से गोवंश का पूजन किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर गोवंश के बेहतर संरक्षण और देखभाल के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व गोवंश के प्रति सम्मान, सेवा और संरक्षण का संदेश देता है। प्रशासन का उद्देश्य केवल पर्व पर पूजन तक सीमित नहीं है, बल्कि गौशालाओं को जनसामान्य से जोड़कर उनके संचालन में जनभागीदारी बढ़ाना भी है। इसी उद्देश्य से जनपद की सभी गौशालाओं में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में गोवंश पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान डीएम ने गौशालाओं में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि गोवंश को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए और उनके खान-पान में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
इसके लिए पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, भूसा और स्वच्छ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही बीमार गोवंश के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं और पशु चिकित्सा सुविधाओं का भी समुचित प्रबंध रखा जाए। साथ ही आगामी शीत ऋतु को देखते हुए गौशालाओं में गोवंश को ठंड से बचाने के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोवंश की सेवा और सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन इसके लिए लगातार प्रयास कर रहा है।








