फिरोजाबाद: गिहार कॉलोनी खाली कराने पहुंची पुलिस का लोगों ने किया विरोध, बुलडोजर के आगे लेट महिला-पुरुष

-न्यायालय के आदेश पर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचा प्रशासन
-100 साल से अधिक समय से रह रहे, अब कहां जाएंगे; प्रशासन ने दिया तीन दिन का अल्टीमेट

फिरोजाबाद। शिकोहाबाद तहसील तिराहे के पास स्थित गिहार कॉलोनी में मंगलवार दोपहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब न्यायालय के आदेश पर जमीन खाली कराने पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। कार्रवाई के लिए जेसीबी पहुंचते ही महिलाएं और पुरुष उसके आगे लेट गए। लोगों के विरोध के चलते प्रशासनिक टीम को बैकफुट पर आना पड़ा।

जमीन खाली कराने के लिए शिकोहाबाद, जसराना, मक्खनपुर, नगला खंगर और नसीरपुर थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी के बावजूद कॉलोनी के लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि वे यहां सौ वर्षों से भी अधिक समय से रह रहे हैं। अब अचानक उनके आशियाने उजाड़े गए तो वे अपने परिवार और बच्चों को लेकर कहां जाएंगे। लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई रोकने की मांग की। विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि उनके पास रहने के लिए कोई दूसरी जगह नहीं है।

घर उजड़ने से परिवार सड़क पर आ जाएंगे और बच्चों का भविष्य भी प्रभावित होगा। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई रोकते हुए उन्हें मकान खाली करने के लिए तीन दिन का समय दिया है। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया।

ravikumar
ravikumar
Articles: 158

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *