-मंदिरों और घरों में हुई गोवर्धन महाराज की विधि-विधान से पूजा, पूड़ी व अन्नकूट का बांटा प्रसाद
फिरोजाबाद। सुहागनगरी में दीपावली के बाद गोवर्धन महाराज की विधि-विधान से पूजा अर्चना की गई। मंदिरों और घरों में महिलाओं ने गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृति बनाई। देर शाम भक्तों ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा कर घर में सुख समृद्वि की कामना की।
सुबह से ही घरों और मंदिरों में गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग लगाया गया। मंदिरों में भी विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन के आयोजन हुए। भक्तगण मेरे गोवर्धन महाराज तेरे माथे मुकुट विराज रहो भजन पर थिरकते दिखाई दिए।

नगर के कृष्णा पाड़ा स्थित द्वारिकाधीश मंदिर, बांके बिहारी मंदिर और राधाकृष्ण मंदिर में गोवर्धन महाराज की झांकी सजाई गई। भक्तों ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा कर घर में सुख समृद्वि की कामना की। साथ ही अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ लिया। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था। तभी से गोवर्धन पूजा का पर्व मनाने की परंपरा चली आ रही है। वहीं सामाजिक संगठनों द्वारा भी गोवर्धन महाराज की झांकिया सजाई गई और अन्नकूट का प्रसाद वितरण किया गया।








