फिरोजाबाद। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर बैठक की।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी देते हुए बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर को किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपने स्तर पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने की अपील की, जिससे मतदाता सूची को पारदर्शी, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके। आयोग द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए विशेष अभियान की तिथियां 21, 22, 28 और 29 नवंबर निर्धारित की गई हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कल्पना जायसवाल उपस्थित रहीं।








