फिरोजाबाद: न्याय की गुहार लेकर एयरटेल टावर पर चढ़ा युवक, ढाई घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

-सीओ के आश्वासन पर नीचे उतरा विकास, मारपीट के मामले में कार्रवाई न होने और रातभर थाने में बैठाने का लगाया आरोप

फिरोजाबाद। जसराना कस्बे में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव सिरोला निवासी एक युवक न्याय की मांग को लेकर एयरटेल के टावर पर चढ़ गया। युवक ने अपनी शिकायत पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए नीचे कूदने की धमकी दी। करीब ढाई घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद सीओ के आश्वासन पर युवक टावर से नीचे उतरा।

गांव सिरोला निवासी विकास गुरुवार सुबह करीब 11 बजे कस्बा स्थित एयरटेल टावर पर चढ़ गया। टावर की ऊंचाई पर पहुंचकर उसने पुलिस पर उसकी शिकायत नहीं सुनने और मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज न करने का आरोप लगाया। युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।

पुलिसकर्मियों के साथ युवक के परिजन भी उसे लगातार समझाते रहे, लेकिन विकास अपनी शिकायत पर कार्रवाई का भरोसा मिलने तक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। करीब दो घंटे तक युवक टावर पर डटा रहा। दोपहर करीब एक बजे सीओ प्रेम प्रकाश पांडे ने फोन पर विकास से बातचीत की। सीओ ने उसकी शिकायत की निष्पक्ष जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब डेढ़ बजे विकास टावर से नीचे उतर आया। युवक के सुरक्षित नीचे आते ही पुलिस और परिजन ने राहत की सांस ली।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 404

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *