फिरोजाबाद: बाबा नीब करोरी के नाम से बनेगा नया आध्यात्मिक सर्किट

-अकबरपुर समेत बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों को जोड़ा गया
-यूपीएसटीडीसी ने शुरू किए पांच विशेष टूर पैकेज

फिरोजाबाद। श्रद्धेय संत बाबा नीब करोरी के महासमाधि दिवस पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने उनकी आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में बड़ी पहल की है। बाबा नीब करोरी के जीवन और विरासत से जुड़े प्रमुख स्थलों को जोड़कर नया ‘नीब करोरी बाबा सर्किट’ विकसित किया जा रहा है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए पांच विशेष टूर पैकेज भी शुरू किए हैं।

पर्यटन विभाग के अनुसार, बाबा नीब करोरी से जुड़े स्थलों पर पर्यटन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए फिरोजाबाद और फर्रूखाबाद में करीब 12.93 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। फिरोजाबाद के अकबरपुर को बाबा नीब करोरी की जन्मस्थली के रूप में विकसित किया जा रहा है।

-अकबरपुर में 8.65 करोड़ से विकसित हुईं सुविधाएं
अकबरपुर में फेज-1 के तहत पर्यटन सुविधाओं के विकास पर 8.65 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वहीं 2.22 करोड़ रुपये की फेज-2 परियोजना का 60 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा अकबरपुर में 55.44 लाख रुपये की ग्रामीण पर्यटन परियोजना भी शुरू की जाएगी। यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बहुद्देशीय सभागार, सांस्कृतिक ब्लॉक, बाबा के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित आधुनिक प्रदर्शनी हॉल, डाइनिंग हॉल, 50 लोगों की क्षमता वाली कैफेटेरिया, रसोई और शौचालय विकसित किए जा रहे हैं। करीब 60 लोगों के ठहरने के लिए डॉरमेट्री की सुविधा भी बनाई जा रही है। फेज-2 में गार्ड रूम, सार्वजनिक सुविधाएं और पत्थर के रास्ते बनाए जा रहे हैं। ग्रामीण पर्यटन परियोजना के तहत प्रवेश द्वार, साइनेज, म्यूरल वॉल और अन्य पर्यटक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

-फर्रूखाबाद आश्रम पर भी 1.51 करोड़ खर्च
फर्रूखाबाद स्थित नीब करोरी बाबा आश्रम के विकास के लिए 1.51 करोड़ रुपये की परियोजना पूरी हो चुकी है। यहां यात्रियों के ठहरने के लिए भवन, मुख्य द्वार और सार्वजनिक उपयोग की सुविधाएं विकसित की गई हैं।

-जन्मस्थली से समाधि स्थल तक जुड़ेगा आध्यात्मिक सफर
नए ‘नीब करोरी बाबा सर्किट’ में बाबा की आध्यात्मिक यात्रा से जुड़े प्रमुख स्थलों को शामिल किया गया है। इनमें फिरोजाबाद का अकबरपुर, फर्रूखाबाद का नीब करोरी बाबा आश्रम धाम मंदिर, लखनऊ का प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर और वृंदावन स्थित समाधि मंदिर शामिल हैं, जहां वर्ष 1973 में बाबा ने महासमाधि ली थी।

-दिल्ली और लखनऊ से चलेंगे विशेष टूर
महासमाधि दिवस के अवसर पर यूपीएसटीडीसी ने पांच विशेष टूर पैकेज शुरू किए हैं। इनमें 2 दिन, 3 दिन और 5 दिन की यात्राएं शामिल हैं। पर्यटकों की मांग के आधार पर इन टूर पैकेजों का संचालन दिल्ली और लखनऊ से किया जाएगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि बाबा नीब करोरी का आस्था, सादगी और सेवा का संदेश आज भी देश-दुनिया के लोगों को प्रेरित करता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बाबा की विरासत को संरक्षित करने और व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का काम कर रही है। अपर मुख्य सचिव एवं पर्यटन महानिदेशक अमृत अभिजात ने कहा कि नया नीब करोरी बाबा सर्किट प्रदेश के आध्यात्मिक पर्यटन को नया आयाम देगा। इससे श्रद्धालुओं को बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों तक पहुंचने में सुविधा होगी और उन्हें उनकी आध्यात्मिक, सांस्कृतिक व स्थानीय विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। टूर पैकेज की जानकारी के लिए पर्यटक यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट या मोबाइल नंबर 91 91490 99890 पर संपर्क कर सकते हैं।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 404

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *