फिरोजाबाद। नगर निगम के कार्यकारिणी चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले जमकर हंगामा हुआ। कर्मचारियों के मुद्दे पर सदन का माहौल गरमा गया। कई पार्षद सदन छोड़कर बाहर धरने पर बैठ गए। नगर आयुक्त के समझाने के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई।
पालीवाल ऑडिटोरियम में नगर निगम के कार्यकारिणी को चुनाव दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होना था, लेकिन बैठक शुरू होते ही पार्षद अजय शर्मा ने प्रकाश विभाग से हटाए गए 28 कर्मचारियों को बहाल करने की मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि कर्मचारियों को बिना ठोस कारण हटाया गया है और उनकी बहाली के बिना चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाना अनुचित होगा। मेयर काामिनी राठौर ने स्पष्ट किया कि बैठक का एजेंडा केवल कार्यकारिणी चुनाव है और उसी पर चर्चा की जाएगी। मेयर के इस रुख से असंतुष्ट कई पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर निकल गए।
पार्षद ऑडिटोरियम परिसर में पार्षद उषा शंखवार, पार्षद देश दीपक यादव सहित अन्य पार्षदों ने सदन की बैठक का बहिष्कार कर धरने पर बैठ गये। जिससे चुनाव प्रक्रिया कुछ देर के लिए बाधित हुई। स्थिति को संभालते हुए नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित कंपनी के अधिकारी उनके कार्यालय में मौजूद हैं। जिन कर्मचारियों का अनुबंध समाप्त हो गया है, वे सीधे अधिकारियों से संपर्क कर अपना अनुबंध पुनः करवा सकते हैं।
नगर आयुक्त के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ और पार्षद वापस सदन में लौट आए। इसके बाद कार्यकारिणी चुनाव की प्रक्रिया पुनः शुरू की गई। इस दौरान उपसभापति विजय शर्मा, अपर नगर आयुक्त अजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त रवींद्र प्रताप सिंह, निहाल चंद्र, कर निर्धारण अधिकारी नीरज पटेल, मुख्य लेखा परीक्षक अरूण कुमार सिंह, प्रभारी लेखाधिकारी योगेंद्र त्रिपाठी, वीरेंद्र सिंह, लायक राम शर्मा आदि मौजूद रहे।

