फिरोजाबाद। फिरोजाबाद-शिकोहाबाद हाईवे पर बिल्टीगढ़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नोएडा से मैनपुरी लौट रही एक वेगनार कार हाईवे पर उतरते समय पीछे से एक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए।
थाना मक्खनपुर क्षेत्र के बिल्टीगढ़ के पास हाईवे पर एक वेगनार कार हाईवे पर उतर रही थी। इसी दौरान वह सामने चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर तत्काल अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर थाना मक्खनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान मैनपुरी निवासी अक्षय कुमार (40 वर्ष), उनकी पत्नी कुसुम लता (40 वर्ष) और पुत्री कशिश कुशवाह (18 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों को चोटें आई हैं, जिनमें कशिश की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद कशिश की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे एक निजी एंबुलेंस से आगरा ले गए हैं, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के कारण कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर साफ किया।
