फिरोजाबाद। पांच दिन पहले नहर में डूबे एक किशोर का शव शनिवार सुबह असुआ गांव के पास बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान लवकुश दिवाकर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना मक्खनपुर क्षेत्र के रेलवे स्टेशन रोड निवासी लवकुश पुत्र रामकिशन दिवाकर मंगलवार दोपहर अपने दो दोस्तों के साथ सिरसागंज स्थित भूड़ा नहर के लोहिया पुल के समीप नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
उसके साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। दोस्तों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद परिजनों को बुधवार शाम घटना की जानकारी मिली। इसके बाद गुरुवार से थाना मक्खनपुर पुलिस ने एटा से पीएसी के गोताखोर बुलाकर स्टीमर के जरिए सर्च ऑपरेशन शुरू कराया।
बुधवार शाम करीब चार बजे से लगातार तलाश अभियान जारी रहा। गोताखोरों ने नहर के विभिन्न हिस्सों में गहन तलाशी ली। पांच दिन की मशक्कत के बाद शनिवार सुबह असुआ गांव के पास किशोर का शव बरामद हुआ। लवकुश दो भाइयों में छोटा था और कक्षा सात का छात्र था। उसके निधन से परिवार में दुख का माहौल है। नहर किनारे स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही।
