फिरोजाबाद। विश्व कल्याण की कामना को लेकर 1108 कुण्डीय मृत्युंजय मां पीतांबरा महायज्ञ एवं दस दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ शुक्रवार से विधि-विधान के साथ किया गया। यज्ञ का आयोजन यज्ञाधीश रामदास महाराज के सानिध्य में किया जा रहा है। मंगल कलश यात्रा शनिवार को प्रात दस बजे से यज्ञ स्थल से शुरू होकर राजा का ताल बाजार में होती हुई, बाईपास होकर कथा स्थल पर पहुंचेगी। कार्यक्रम के प्रथम दिन प्रातः 11 बजे से प्रायश्चित कर्म, छौर कर्म, दस विधि स्नान, उपनयन (जनेऊ) संस्कार तथा नांदीमुख श्राद्ध कर्म का आयोजन कराया गया। इन सभी अनुष्ठानों को विद्वान आचार्यगणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। यज्ञ के आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि यह महायज्ञ विश्व शांति, सुख समृद्धि और जनकल्याण की भावना से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। महायज्ञ के दौरान आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजन, हवन तथा प्रवचन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जिनमें श्रद्धालुओं को धर्म और आध्यात्म से जुड़ी प्रेरणा प्राप्त होगी।

