फिरोजाबाद: अटल पार्क में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारियों ने किया योगाभ्यास

-विश्व योग दिवस को लेकर तैयारियां शुरू

फिरोजाबाद। 21 जून को विश्व योग दिवस को लेकर योग सप्ताह का शुभारंभ रविवार से प्रारंभ हो गया। शहर के अटल पार्क में सुबह लगे विशेष शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और अन्य लोगों ने एक साथ योगाभ्यास किया। मेयर कामिनी राठौर, नगर विधायक मनीष असीजा और गो सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय के साथ सीडीओ शत्रोहन वैश्य एवं अन्य अधिकारी भी शिविर में शामिल हुए।



गो सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने कहा कि योग को प्रतिदिन अपने दैनिकचर्या में शामिल करना चाहिए। जो व्यक्ति नियमित योगाभ्यास करता है। वह हमेशा तंदुरुस्त रहता है। योग करने से बीमारियों को दूर किया जा सकता है। विधायक मनीष असीजा ने कहा कि 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाएगा। लेकिन, हमें केवल एक दिन नहीं बल्कि हर रोज योग करना चाहिए। हमें अपने शरीर के प्रति लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। आपकी लापरवाही आपके जीवन पर भारी पड़ सकती है।


सीडीओ शत्रोहन वैश्य ने कहा कि भारी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास में भाग लिया है। अटल पार्क में लोगों को नियमित योग के लिए आना चाहिए। यहां हरियाली होने के साथ ही पर्याप्त व्यवस्था भी है। योगाभ्यास में नगरवासियों ने भी बढ़ चढ़कर भाग लिया। इस दौरान डा शरद वर्मा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, भगवानदास शंखवार प्रधानाचार्य, मानिक चंद्र यादव, अवधेश राठौर, हेमलता कुशवाह, अशोक अनुरागी प्रधानाचार्य आदि मौजूद रहे।