फिरोजाबाद। मंगलवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दी है। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
थाना अरांव के भरौल गांव निवासी अभिषेक मंगलवार सुबह करीब नौ बजे अपने ताऊ ब्रजेश के मकान पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से बालू डालने गया था। इसी दौरान गांव का दिनेश कुमार वहां पहुंचा। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद दिनेश ने अभिषेक पर गोली चला दी। गोली के छर्रे अभिषेक की गर्दन में लगे, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
परिजनों को सूचना मिलने पर घायल अभिषेक को तुरंत सरकारी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम का गठन किया गया है।
