फिरोजाबाद। बाल श्रम छोड़ो शिक्षा से नाता जोड़ो के उदघोष के साथ प्रमुख स्वयंसेवी संस्था चाइल्ड फंड इंडिया पेस-दिशा के विभव नगर स्थित कार्यालय पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में बाल श्रम और सुरक्षित रोजगार को लेकर युवक और युवतियों को प्रशिक्षित किया गया। उनके चौमुखी विकास हेतु शासकीय योजनाओं के लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यशाला में रेंज फॉरेस्ट ऑफीसर नारखी प्रियंका यादव ने कहा कि शिक्षा ही सामाजिक विकास की कुंजी है और जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतरता प्रयास जरूरी है। यदि एक बार असफल हो जाओ तो बार-बार प्रयास करो सफलता तुम्हारे चरण चूम लेगी। श्रम प्रवर्तन अधिकारी डीपी सिंह ने अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश और भवन निर्माण श्रमिकों के परिवार की सहायता हेतु संचालित विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर अनुपम शर्मा ने संस्था के द्वारा अभावग्रस्त जीवन जीने वाले बालश्रम प्रभावित परिवारों के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। सहकारी बैंक के मैनेजर राजीव यादव ने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से जीवन स्तर ऊंचा उठाने हेतु रोजगार स्थापित करने हेतु बैंक द्वारा संचालित ऋण योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में सरोजिनी नायडू विद्यालय के प्रधानाचार्य भगवानदास शंखवार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी यतेंद्र सिंह सेंगर, प्रोजेक्ट मैनेजर कासिम अली, प्रभा आर्य, रेखा वर्मा आदि मौजूद रहे।

