फिरोजाबाद: गर्भवती विवाहिता की जलकर मौत, सुसराल पक्ष फरार

फिरोजाबाद: गर्भवती विवाहिता की जलकर मौत, सुसराल पक्ष फरार

फिरोजाबाद। एक गर्भवती विवाहिता की संद्विग्ध परिस्थतियों में जलकर मौत हो गई। मायका पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है 

थाना मटसेना के गांव लेखराजपुर में 23 वर्षीय राधा की संदिग्ध परिस्थितियों में इलेक्ट्रिक हीटर से जलने के कारण मौत हो गई। यह घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। मंगलवार को पड़ोसियों की सूचना पर मृतका के मायके पक्ष के लोग मक्खनपुर से लेखराजपुर गांव पहुंचे। उन्होंने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए राधा को जलाकर मारने का गंभीर आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही राधा को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि राधा गर्भवती होने के बावजूद उसके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा था। सोमवार रात राधा को साजिश के तहत इलेक्ट्रिक हीटर से जलाया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मटसेना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से पति सहित ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं।

थानाध्यक्ष विमिलेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।