फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत मंगलवार को दयानाम भारत गैस सर्विस ककरऊ कोठी में निःशुल्क गैस कनेक्शन वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री (सहकारिता) ने 609 पात्र लाभार्थियों को गैस कनेक्शन वितरित किए। वक्ताओं ने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से सरकार ने ग्रामीण और शहरी गरीब परिवारों की रसोई को धुएं से मुक्त करने का कार्य किया है।
केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वाकांक्षी योजना है। इससे गरीब परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध हुआ है और पारंपरिक चूल्हों से होने वाले धुएं से मुक्ति मिली है। सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने लाभार्थियों को बधाई देते हुए योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

