फिरोजाबाद: किसान मेले में  जैविक खेती को बढ़ावा देने पर दिया जोर

-भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की जयंती पर सैकड़ों किसान हुए सम्मानित

फिरोजाबाद: किसान मेले में  जैविक खेती को बढ़ावा देने पर दिया जोर

फिरोजाबाद। भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की जन्म जयंती के अवसर पर किसान मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी। जिसमें विशेष रूप से जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। मेले में जिले भर से आए सैकड़ों किसानों को सम्मानित किया गया।

जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन परिसर में किसान मेले का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण, मुख्य विकास अधिकारी शत्रुहन वैश्य द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। मेंले में किसानों को पशुपालन, मत्स्य पालन एवं दुग्ध उत्पादन जैसे सहायक व्यवसायों के लिए भी प्रेरित किया गया, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।

ब्लॉक प्रमुख डा. लक्ष्मी नारायण ने कहा कि भारत रत्न चौधरी चरण सिंह ने किसानों के हित में ऐतिहासिक कार्य किए। वर्तमान सरकार भी किसानों के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। किसानों को सीधे खाते में सम्मान निधि दी जा रही है। सरकार का मानना है कि देश का विकास तभी संभव है, जब किसान खुशहाल होगा। सीडीओ शत्रुहन वैष्य ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की जयंती पर सरकार द्वारा हर वर्ष कृषि विभाग के अंतर्गत किसान मेले का आयोजन किया जाता है।

फिरोजाबाद के किसानों ने तिलहन और ज्वार उत्पादन में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो जनपद के लिए गौरव की बात है। जिले के किसान खेती में लगातार नए प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें जैविक खेती, फूलों की खेती और विभिन्न प्रकार की सब्जी उत्पादन शामिल है। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को पुरस्कृत और सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में डीडी कृषि सत्येन्द्र प्रताप सिंह, जिला कृषि अधिकारी सुमित चौहान, जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह, उप शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार, स्थानीय प्रभारी राधवेन्द्र सिंह, जिला मत्स्य अधिकारी नीरज सिन्हा, जिला मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कमाल खान, मुख्य सेविका अनीता सिंह, नीलम सिंह सहित अनेक विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।