-बघेल कॉलोनी और प्रकाश नगर के लोगों ने नगर निगम प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप
-पुलिस ने मौके पर पहुंचकर, लोगों को समझाकर खुलवाया जाम
फिरोजाबाद। वार्ड नंबर 29 स्थित बघेल कॉलोनी और प्रकाश नगर में गली निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार को क्षेत्रीय लोगों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने बंबा बाईपास पर पहुंचकर जाम लगा दिया। महिलाओं ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लंबे समय से खराब पड़ी गलियों का निर्माण कराने की मांग की।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि उनकी गलियां वर्षों से बदहाल हैं। जगह-जगह गड्ढे होने के साथ ही जलभराव की समस्या बनी रहती है। बारिश के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। आरोप है कि जिन गलियों का निर्माण पहले से प्रस्तावित नहीं था, वहां काम कराया जा रहा है, जबकि जिन गलियों के निर्माण की मांग क्षेत्रीय लोग लंबे समय से कर रहे हैं, उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। आक्रोशित महिलाओं ने कहा कि समस्या को लेकर कई बार नगर निगम के अधिकारियों के साथ ही विधायक और महापौर से भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
क्षेत्रीय लोगों की चिंता है कि यदि आगे वाली गली का निर्माण पहले करा दिया गया तो पीछे की गलियां अपेक्षाकृत नीचे हो जाएंगी। इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है। जाम की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज काकरऊ कोठी, थाना उत्तर प्रभारी और क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं और क्षेत्रीय लोगों से बातचीत की। अधिकारियों ने उनकी समस्याएं सुनीं और नगर निगम अधिकारियों से वार्ता कर समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम खोल दिया और यातायात सुचारू हो सका।








