फिरोजाबाद। सेवा संकल्प के तहत आयोजित मेरे सपनों का भारत पोस्टर प्रतियोगिता में नन्हे कलाकारों ने अपनी कल्पनाओं और प्रतिभा के रंग बिखेरकर देश के सुनहरे भविष्य की तस्वीर पेश की। आर्यनगर स्थित नगर संसाधन केंद्र पर आयोजित ब्लॉक स्तरीय प्रदर्शनी में उत्कृष्ट पेंटिंग बनाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कुछ दिनों पूर्ण सभी परिषदीय विद्यालयों में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मेरे सपनों का भारत विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित हुई थी। विद्यालयों से चयनित पांच-पांच छात्रों ने आर्य नगर स्थित संसाधन केंद्र पर आयोजित प्रदर्शनी में प्रतिभाग किया। प्रदर्शनी में उत्कृष्ट पोस्टर के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरा पठानान के छात्र शिवा शर्मा, पीएमश्री मथुरा नगर की छात्रा श्वेता, उच्च प्राथमिक विद्यालय सैलई की छात्रा खुशी तथा सुखलमलपुर निजामाबाद की छात्रा राशि का चयन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वार्ड 37 आर्यनगर के पार्षद विजय शर्मा व नगर शिक्षाधिकारी सुधीर गुप्ता ने प्रदर्शनी की प्रशंसा की और चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। प्राथमिक शिक्षक संघ महानगर अध्यक्ष कल्पना राजौरिया ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में रचनात्मकता के साथ-साथ देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है। संचालन विधि मित्तल ने किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में शौहरत अली, अनिल कुमार और सीमा भारद्वाज शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान शिवेंद्र सिंह, ललित शर्मा, रीना शर्मा, मूवी शर्मा, रमाकांत आदि मौजूद रहे।









