फिरोजाबाद: गणेश विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने घाट का किया निरीक्षण

-बच्चों को गहरे पानी में न जाने देने के निर्देश, ड्रोन व सीसीटीवी से होगी निगरानी

फिरोजाबाद। गणेश विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पसीने वाले हनुमान मंदिर के समीप बनाए गए विसर्जन घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम संतोष कुमार शर्मा ने निरीक्षण के दौरान घाट पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मजबूत बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन से पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। डीएम ने विशेष रूप से बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों और छोटे किशोरों को घाट तथा गहरे पानी से दूर रखा जाए। किसी भी स्थिति में उन्हें पानी में न उतरने दिया जाए। घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग के साथ पर्याप्त संख्या में जल पुलिस, गोताखोर और आपदा प्रबंधन टीम तैनात रखने के निर्देश भी दिए गए।

एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि विसर्जन स्थल और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। भीड़ नियंत्रण के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। अधिकारियों ने गणेश उत्सव समितियों और श्रद्धालुओं से प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 532

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *