फिरोजाबाद: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने बच्चों से संवाद कर पॉक्सों कानून की दी जानकारी

फिरोजाबाद। बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता केवल कानून की जानकारी तक सीमित न रहे, बल्कि बच्चे स्वयं अपनी सुरक्षा को समझें और किसी भी असहज परिस्थिति में अपनी बात कहने का साहस रखें। इसी उद्देश्य के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विशेष पॉक्सों जागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जनपद के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव योगेश शिवा ने सेठ एम.आर जयपुरिया स्कूल एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल शिकोहाबाद में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को केवल कानून की जानकारी देने के बजाय उनके दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से व्यक्तिगत सुरक्षा, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, अपनी सीमाओं की पहचान, साइबर सुरक्षा तथा अनुचित व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाने के संबंध में जागरूक किया गया।

उन्होंने कहा कि किसी भी ऐसी परिस्थिति में जिसमें उन्हें डर, असहजता या असुरक्षा महसूस हो, वे उसे अपने तक सीमित न रखें। अपनी बात कहना कमजोरी नहीं, बल्कि सुरक्षा की दिशा में पहला कदम है। इसके अलावा बच्चों को डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग को देखते हुए ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें अनजान व्यक्तियों से ऑनलाइन बातचीत, निजी जानकारी साझा करने, संदिग्ध लिंक अथवा संदेशों तथा सोशल मीडिया के असुरक्षित उपयोग से होने वाले संभावित जोखिमों के प्रति सावधान किया गया।

अभियान के क्रम में संदीप कुमार सिंह द्वारा शिव प्रसाद मेमोरियल, मक्खनपुर, निर्दाेष कुमार द्वारा जूनियर हाई स्कूल, मोढ़ा, करुणा सिंह द्वारा जूनियर हाईस्कूल, मक्खनपुर, श्याम बाबू द्वारा जूनियर हाईस्कूल, नगला खन्ना, देव दत्त द्वारा जूनियर हाई स्कूल, बजीरपुर जेहलपुर तथा विमल कुमार वर्मा द्वारा जूनियर हाई स्कूल, जमालपुर में छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

 

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 606

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *