फिरोजाबाद: नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी के प्रति किया जागरूक

फिरोजाबाद। नारी जागरण सेवा संस्थान द्वारा वित्तीय साक्षरता एवं बैंकिंग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन सैलई में किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों को बचत, बैंकिंग सेवाओं, बैंकिंग उत्पादों, जमाकर्ताओं के अधिकार, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में निगम पार्षद रीना देवी ने कहा कि आज के समय में प्रत्येक परिवार को बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ना चाहिए और नियमित बचत की आदत अपनानी चाहिए। वित्तीय रूप से जागरूक नागरिक अपने धन को सुरक्षित रखने के साथ-साथ उपलब्ध बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का बेहतर लाभ उठा सकता है। राज बहादुर ने कहा कि वित्तीय जागरूकता प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। दीपिका सारोट ने डिजिटल बैंकिंग और साइबर सुरक्षा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मोबाइल फोन और इंटरनेट के माध्यम से बैंकिंग सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हैं, लेकिन इनके उपयोग में सावधानी बरतना भी उतना ही जरूरी है।

उन्होंने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने और संदिग्ध संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी। ज्ञान श्री ने लोगों से अपनी आय के अनुसार बचत करने तथा सुरक्षित बैंकिंग माध्यमों का उपयोग करने का आग्रह किया। नारी जागरण सेवा संस्थान के अंकित शर्मा ने साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड और बैंक खाते की गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी। इस अवसर पर नारी जागरण सेवा संस्थान के सचिव कौशल किशोर शर्मा, गौरव सिंह, हृदय मोहन जैन, राजेश राज आदि मौजूद रहे।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 152

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *